
इंदौर, 18 अक्टूबर। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित हंसदासमठ परिसर में मठ के अधिष्ठाता श्रीमहंत रामचरणदास महाराज के सानिध्य एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के मार्गदर्शन में चल रहे नवरात्रि महोत्सव में रविवार को सुबह 11 विद्वानों द्वारा दुर्गा सप्तशती के पाठ के पश्चात कन्याओं का पाद पूजन कर उन्हें दक्षिणा सहित उपहार भेंट किए गए।
मठ के पं. अमित दास महाराज ने बताया कि मठ पर पहले दिन से ही दुर्गा सप्तशती का पाठ जारी है। रविवार विद्वानों के निर्देशन में अभिषेक, पूजा के बाद मां अन्नपूर्णा, मां गायत्री एवं मां सरस्वती का मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें पाद पूजन के पश्चात भोज भी कराया गया। आज महाअष्टमी के उपलक्ष्य में यज्ञशाला में यज्ञ-हवन में महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में सैकड़ों भक्तों ने आहुतियां समर्पित की। सोमवार को नवमी पर भी कन्या पूजन एवं कन्या भोज के आयोजन होंगे। नवरात्रि महोत्सव में चल रहे विभिन्न अनुष्ठानो की पूर्णाहुति सोमवार को होगी।
