75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली प्रतिभाएं होंगी सम्मानित, जरुरतमंदों को छात्रवृत्ति का वितरण भी
इंदौर, आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में न्यास एवं कुणाल शर्मा फाउंडेशन के तत्वावधान में समाज की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो कक्षा 6ठी से लेकर उच्च शिक्षा की कक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अथवा समकक्ष श्रेणी प्राप्त कर अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। इसका वृहद आयोजन रविवार 1 नवम्बर को शाम 4.30 बजे से विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर होगा।
न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं महामंत्री अखिलेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में वेदमूर्ति डॉ. मिथिला प्रसाद त्रिपाठी, शिक्षाविद प्रो. सुश्री सुनीता शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री सृष्टि भार्गव एवं उद्योगपति अजय त्रिवेदी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रतिभाओं के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, स्कूल अथवा कॉलेज में शिक्षण शुल्क और पुस्तकों की मदद तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सहयोग राशि का वितरण भी किया जाएगा। सर्वाधिक अंक लाने वाले और नीट, क्लेट, जेईई, केट, यूपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में समाज को गौरवान्वित करने वाली युवा प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा।
कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश शर्मा “काका”, न्यासी राजेन्द्र शर्मा, लोकेश जोशी ने बताया कि आद्य गौड़, गौड़ ब्राह्मण समाज तथा आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास से किसी भी रूप में जुड़े सभी परिवारों के विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को भी इस सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया है। अगले चरण में ब्राह्मण समाज के अन्य वर्गों को भी लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
