शहर में 21 से 23 नवम्बर तक भक्तों को दर्शन, आशीर्वचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे

इंदौर श्रृंगेरी मठ के जगदगुरु शंकराचार्य श्री श्री विधुशेखर भारती सन्निधानम करीब 33 वर्षों बाद विजय यात्रा पर 21 से 23 नवम्बर तक इंदौर पधारेंगे। शंकराचार्य बनने के बाद उनका यह पहला इंदौर प्रवास होगा जिसमें वे भक्तों को दर्शन, आशीर्वचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके साथ 60 से अधिक विद्वानों और आचार्यों का अतिविशिष्ट दल भी इंदौर आएगा। उनके इंदौर प्रवास को लेकर शहर के धार्मिक और सामाजिक जगत में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अपने इंदौर प्रवास में शंकराचार्यजी भगवान चन्द्रमौलीश्वर की तीन दिन की विशेष पूजा भी प्रतिदिन रात 8 बजे से प्रारम्भ करेंगे और आम भक्त भी इस पूजा के दर्शन कर सकेंगे। इसी तरह बैकुंठ चतुर्दशी की वर्ष की सबसे बड़ी विशेष पूजा भी शंकराचार्यजी अपने इस प्रवास के दौरान इंदौर में ही करेंगे।
श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक ने बताया कि श्रृंगेरी पीठ के वर्तमान जगदगुरु विधुशेखर भारती सन्निधानम के गुरु और तत्कालीन शंकराचार्य जगदगुरु श्री श्री भारती तीर्थ महासन्निधानम भी 33 वर्ष पूर्व विजय यात्रा पर ही इंदौर आए थे। अब गुरु परंपरा के उत्तराधिकारी के रूप में वर्तमान जगदगुरु शंकराचार्य करीब साढ़े तीन दशक पश्चात विजय यात्रा के रूप में आ रहे हैं। उन्हें मध्यप्रदेश सरकार की ओर से राजकीय अतिथि का दर्जा दिया गया है। भक्त मंडल के संदीप गोयल ऑटो ने बताया कि उनके इंदौर आगमन पर भक्त मंडल की ओर से व्यापक तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में समाजसेवी राजेश गर्ग केटी, डॉ. अक्षय बम, विष्णु बिंदल, अरविन्द बागड़ी, गोविन्द सिंघल, अनुरोध ललित जैन, धीरज खंडेलवाल, सत्यनारायण पटेल, गोपाल गोयल, राहुल गोयल बंटी, पं. अशोक भट्ट, पं. दीपेश व्यास, पं. राजेश शर्मा, रवींद्र मेहता, सीए कीर्ति जोशी, राजेश बंसल, शिव जिंदल एवं राजेश गर्ग की मौजूदगी में विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
सीए पं. सोमेन्द्र शर्मा के अनुसार शंकराचार्यजी के तीन दिवसीय कार्यक्रम की रुपरेखा तय कर ली गई है। उसके अनुसार शनिवार 21 नवम्बर को उनके नगर आगमन पर स्कीम 51 स्थित संगम नगर में स्वागत और दर्शन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उनके सानिध्य में सुंदरकाण्ड के 108 सामूहिक पाठ, महाआरती, भक्तों को दर्शन और युवाओं के लिए विशेष आशीर्वचन के कार्यक्रम होंगे। रविवार 22 नवम्बर को गीता भवन में शहर की 125 से अधिक धार्मिक सामाजिक संस्था और ट्रस्ट मंडलों की ओर से जगद्गुरु का नागरिक अभिनन्दन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित शहर के अनेक पार्षद एवं धार्मिक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी इस कार्यक्रम का न्योता दिया गया है। शन्कराचार्यजी के साथ 60 से अधिक वेद-वेदांग और धर्मशास्त्री आचार्यों का विशेष दल भी इंदौर आएगा। उनकी मंगल अगवानी 21 नवम्बर को 108 विद्वानों द्वारा शंख ध्वनि के बीच की जाएगी। 22 नवम्बर को स्कीम 51 स्थित पं. नानूराम शर्मा सभागृह में दोपहर 12 बजे से आम भक्तों को दर्शन और आशीर्वचन तथा शाम 6.30 बजे गीता भवन सत्संग सभागृह में नागरिक अभिनंदन होगा। 23 नवम्बर को वे संगम नगर में भक्तों को दर्शन और आशीर्वचन के बाद शाम 4.30 बजे युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरक उद्बोधन देकर महेश्वर के लिए प्रस्थित हो जाएँगे।
