
श्रद्धा, सेवा और अनुशासन का सुंदर समन्वय दिखाई दिया बाबाश्री रिसोर्ट पर संपन्न हुए आयोजन में, मंत्री, सांसद और विधायक भी पहुंचे
इंदौर, आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव ‘तेरा तुझको अर्पण’ श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का एक सुंदर एवं अविस्मरणीय उदाहरण बनकर सामने आया। एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर सम्पन्न हुए इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ जिस प्रकार की सुंदर व्यवस्थाएँ, आत्मीय स्वागत और सेवाभाव के प्रसंग देखने को मिले, उन्होंने आगंतुकों के मन पर विशेष छाप छोड़ी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के साथ माँ अन्नपूर्णा को समर्पित भव्य छप्पन भोग रहा। विविध व्यंजनों से सजे छप्पन भोग ने भक्ति और समर्पण की भावना को साकार किया।
न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं कार्याध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि आयोजन की सबसे उल्लेखनीय विशेषता अतिथि देवो भव की भावना के साथ किया गया आत्मीय स्वागत रहा। आगंतुकों के आगमन से लेकर उनके भोजन ग्रहण करने तक प्रत्येक व्यवस्था में आत्मीयता और अनुशासन का सुंदर समन्वय दिखाई दिया। भोजन के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, बुफे पद्धति में कुर्सियों की उपलब्धता तथा अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे अतिथियों के लिए भी अलग से बैठने की व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति ने कार्यक्रम के पूर्व ही प्रत्येक छोटी-बड़ी आवश्यकता का सूक्ष्मता से आकलन कर तैयारी की थी। पंचकुइया राम मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपाल दास, अम्बिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम के महामंडलेश्वर गोपालदास महाराज के सानिध्य में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पार्षद निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, दीपक जैन टीनू, सृष्टि भार्गव सहित अनेक अतिथियों ने महाआरती में शामिल होकर समाज बंधुओं का उत्साह बढ़ाया। अतिथियों का स्वागत पं. दिनेश शर्मा, पं. सुरेश शर्मा, पं. अखिलेश शर्मा, पं. देवीप्रसाद शर्मा, पं. प्रद्युम्न दीक्षित, पं. ओमप्रकाश शर्मा एवं पं. चिन्मय शुक्ला ने किया। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर पं. आशीष शर्मा तिलकधारी एवं पं. आनंद शर्मा ने मेहमानों की परम्परानुसार तिलक लगाकर अगवानी की, वहीं भगवान के श्रृंगार की जिम्मेदारी पं. बृज शर्मा एवं छप्पन भोग और नैवेद्य का जिम्मा पं. विनय शर्मा की टीम के संभाला।
भोजन प्रसादी की व्यवस्था पंगत के अनुसार पं. आशीष एवं प्रीति पंडित, पं. अभिषेक एवं रंजना शर्मा, पं. अरविन्द एवं भारती शर्मा (पंगत लेन 1), पं. उपेन्द्र एवं दया शर्मा, पं. भूपेंद्र एवं मेघा शर्मा, पं. सुरेन्द्र एवं राखी शर्मा (लेन 2), पं. दिनेश एवं मेघा मिश्रा, पं. राजेंद्र एवं विद्या शर्मा, पं. अरविन्द एवं शीतल शर्मा (लेन 3), पं. मयंक एवं आस्था तिवारी, पं. पुष्यमित्र एवं दीक्षा शर्मा, पं. गगन एवं छाया शर्मा (लेन 4), पं. स्वागत एवं प्रियंका शर्मा, पं. योगेश एवं आरती शर्मा, पं. सूरज एवं हेमा शर्मा (लेन 5) ने परोसगारी में बढ़-चढ़कर आत्मीय भाव से सहभागिता की। माइक के माध्यम से आयोजन समिति द्वारा अतिथियों से भोजन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बुफे पद्धति का पालन करने तथा उपलब्ध जगह पर बैठने की व्यवस्था का उपयोग करने का विनम्र आग्रह भी किया जाता रहा। यह अनुशासन व्यवस्था को सहज और व्यवस्थित बनाए रखने में सहायक रहा। संत एवं बटुक सेवा की जिम्मेदारी पं. राजकिशोर शर्मा और उनके सहयोगी पं. अशोक शर्मा एवं पं. आशीष मिश्रा ने संभाली जबकि दूध-जलेबी के स्टाल का जिम्मा पं. मनीष शर्मा और पं. आकाश शर्मा के सुपुर्द रहा।
महाप्रसाद एवं भोजन व्यवस्था में समन्वयक की भूमिका पं. दिनेश शर्मा, पं. राजेंद्र शर्मा, डॉ. लोकेश जोशी एवं पं. महेश शर्मा ने निभाई। सम्पूर्ण महोत्सव में पं. गौरव शर्मा, पं. अतुल शर्मा, पं. अनुज मिश्रा, पं. दीपक शर्मा, पं. मनीष शर्मा, पं. अजय व्यास, पं. दिनेश शर्मा सहित न्यास के सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा। संत समाज के लिए अलग से भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था भी आयोजन का एक महत्वपूर्ण पक्ष रही। संतजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और सुविधा का ध्यान रखना न्यास की धार्मिक एवं सांस्कृतिक संवेदनशीलता को दर्शाता है। स्वादिष्ट भोजन प्रसादी के उपरांत केसर युक्त दूध और पान का रसास्वादन भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। यह छोटी-सी लेकिन आत्मीय पहल अतिथि सत्कार को एक नया आयाम देती नजर आई। भोजन के बाद भी अतिथियों के प्रति अपनत्व और सम्मान का यह भाव उनके हृदय को स्पर्श कर गया। वास्तव में ‘तेरा तुझको अर्पण’ केवल अन्नकूट महोत्सव का शीर्षक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के सेवा, समर्पण, सहकार और अतिथि सत्कार के मूल्यों का संदेश साबित हुआ। इस समूचे आयोजन के लिए गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा इकाई इंदौर एवं महिला महासभा इकाई ने आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास को बधाई देते हुए इसे एक अनुकरणीय और सुंदर आयोजन बताया।
