कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने, बीआरटीएस मार्ग को समय-सीमा में हटाने, फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने, अनफिट वाहनों की जांच और उनके विरूद्ध कार्रवाई करने से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाडे, डीसीपी ट्रैफिक श्री आनंद कलादगी, अपर आयुक्त नगर निगम श्री रोहित सिसोनिया, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि आज से बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने की कार्रवाई प्रारंभ हो गई है। इसके मद्देनजर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। इस मार्ग पर डिवाइडर निर्माण का कार्य समानांतर चलते रहे। यह सुनिश्चित किया जाए कि बीआरटीएस कॉरिडोर हटाते समय यातायात सुगम बना रहे। भविष्य में भी यातायात सुगमता के लिये भी विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने यह भी निर्देश दिए की सभी निर्माणधिन फ्लाईओवर स्थल पर यह सुनिश्चित करें कि सर्विस रोड/ डायवर्सन व्यवस्थित रहे। किसी भी तरह के गड्ढे दिखाई नहीं दें। आवश्यकता होने पर डामरीकरण भी किया जाए। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देशित किया कि बायपास पर यातायात सुगम बनाए रखने के लिये सभी आवश्यक प्रबंध किये जाए। पर्याप्त संख्या में क्रेन रखी जाए। यह सुनिश्चित करें कि क्रेन कार्यरत रहें। सूचना मिलने पर तुरंत ही क्रेन भेज कर यातायात को सुगम बनाए। इस कार्य में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि जिन बेसमेंट्स में पार्किंग की व्यवस्था पूर्व में स्वीकृत की गई थी, उनका पुनः निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे वास्तविक रूप से पार्किंग उपयोग में ही हों। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित होता है, इसलिए पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू किया जाए।
बीआरटीएस हटाने और फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में तेज़ी
बैठक में बताया गया कि नगर निगम ने बीआरटीएस मार्ग हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्गों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसी क्रम में बैठक में प्रस्तावित फ्लाईओवर के बारे में भी जानकारी दी गई। निर्देश दिये गये कि सर्वप्रथम अग्रसेन चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि नवलखा क्षेत्र और आसपास के ट्रैफिक मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए विस्तृत अध्ययन 10 दिनों में पूरा कर लिया जाए, ताकि टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ हो सके।
प्रमुख चौराहो और मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की मुहिम
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के प्रमुख चौराहो और मार्गों पर विशेष मुहिम शुरू कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की जायेगी। यातायात सुगमता के लिये जरूरी निर्माण भी किये जायेंगे। इस अभियान के तहत अतिक्रमण हटाए जाएंगे, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी, और सड़क किनारे खुलने वाली दुकानों को अपने ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इन प्रयासों से सड़कों पर वाहनों की गति और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।
अनफिट वाहनों पर व्यापक अभियान सोमवार से
कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि अनफिट और बिना फिटनेस सर्टिफिकेट वाले वाहनों पर कार्रवाई के लिए पाँच टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें सोमवार से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाएंगी। बिना फिटनेस वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा और उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। विशेष रूप से स्कूल बसों और यात्री वाहनों की जांच प्राथमिकता पर की जाएगी, ताकि बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले वाहनों के विरूद्ध ऑनलाइन चालान बनाने के कार्य को तेज करने के निर्देश दिये गये। निर्देश दिये गये कि ऑनलाइन चालानी व्यवस्था का विस्तार किया जाये। अभी 58 चौराहों पर ऑनलाइन चालान बनाये जा रहे है। इनकी संख्या बढ़ाकर 94 चौराहे की जाये। बैठक में बताया गया कि चालान भरने के लिये वाहन चालकों को ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी शीघ्र मिलेगी।
हेलमेट पहनना अनिवार्य — नागरिकों से अपील
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट का उपयोग करें।
प्रशासन इसके लिए जागरूकता अभियान के साथ चालानी कार्रवाई भी करेगा।
फायर सेफ्टी व्यवस्था और नए फायर स्टेशनों पर चर्चा
इसके बाद एक अन्य बैठक में अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता और प्रतिक्रिया समय की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि नए फायर स्टेशनों के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। नए फायर स्टेशन शीघ्र स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी स्थान पर फायर वाहन समय-सीमा के भीतर पहुंचे।
