सर्विस रोड पर डामरीकरण से हुआ यातायात सुगम

इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज इंदौर में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा निर्मित किए जा रहे दो फ्लायओवरों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एमआर-10 स्थित बेस्ट प्राइज के सामने और अर्जुन बड़ोद क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लायओवर के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बताया गया कि वायु गुणवत्ता में सुधार हेतु दो मिस्ट टावर लगाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार और भी मिस्ट टावर स्थापित किए जाएंगे, जिससे वायु गुणवत्ता बेहतर बनी रहे और प्रदूषण नियंत्रित हो सके। बताया गया कि दोनों निर्माणाधीन फ्लायओवरों की सर्विस रोड पर डामरीकरण का कार्य पूरा हो गया है, जिससे यातायात अब और अधिक सुलभ हो गया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने अर्जुन बड़ोद क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष बल दिया।
