
शहर के सर्वांगीण विकास एवं सुगम यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मॉडल रोड निर्माण कार्य को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में सड़क निर्माण कार्य को बाधित कर रहे सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन, नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा बीपीएल चौराहा, भारत माता चौराहा, गांधी चौराहा एवं घंटाघर मार्ग पर स्थित अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है, जिससे प्रस्तावित मॉडल रोड का मार्ग पूरी तरह से मुक्त एवं व्यवस्थित हो सके। जिन स्थानों पर दुकानों, निर्माण सामग्री या अन्य संरचनाओं द्वारा जगह घेर ली गई थी, वहां बुलडोज़र एवं अन्य संसाधनों की मदद से विधिवत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि मॉडल रोड का निर्माण शहर के यातायात को सुगम बनाने, सौंदर्य बढ़ाने एवं नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के बाद यह मार्ग चौड़ा, संतुलित एवं सुव्यवस्थित रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे आमजन को आवागमन में अत्यधिक सुविधा मिलेगी। इस पूरे अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस बल, नगर पालिका टीम तथा शहरवासियों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी एवं समझदारी से यह महत्वपूर्ण विकास कार्य तेज गति से पूर्ण हो रहा है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने में भागीदार बनें।
