इंदौर
कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुराने विवाद की रंजिश के चलते दो बदमाशों ने पान दुकानदार पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान पर पेट्रोल से भरी बोतलें फेंक कर आग लगा दी, जिससे दुकान संचालक ने किसी तरह पिछले गेट से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। यह वारदात कल शाम कनाड़िया रोड पर एक वाइन शॉप के पास स्थित पान की दुकान में हुई। कनाड़िया पुलिस ने फरियादी दीपक पिता रामरसीले चौरसिया निवासी सर्वसम्पन्न नगर की रिपोर्ट पर आरोपी करण पिता राजेंद्र यादव निवासी परदेशीपुरा और उसके एक साथी के खिलाफ जानलेवा हमला और आगजनी की धाराओं में केस दर्ज किया है। फरियादी दीपक चौरसिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी करण यादव के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में कल शाम करण अपने साथी के साथ उनकी दुकान पर पहुँचा और गालियाँ दीं। जब दीपक दुकान से बाहर नहीं आया, तो आरोपी चिल्लाया, आज तुझे जिंदा जला देंगे!इसके बाद आरोपियों ने दुकान पर ८ से १० पेट्रोल से भरी हुई कांच की बोतलें फेंकीं और फिर कपड़ा बंधा जलता हुआ डंडा दुकान के अंदर फेंक दिया, जिससे दुकान में भीषण आग लग गई। दीपक चौरसिया किसी तरह दुकान के पिछले गेट से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहा। आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और आसपास के लोगों की मदद सेआग पर काबू पाया गया। आगजनी के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
