हितग्राही 31 दिसंबर तक कर सकते है आवेदन

इंदौर,
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय बाल कोष के तहत “केयर एंड एजुकेशन” नाम से नई पहल शुरू की गई है। इस राष्ट्रीय कोष के अंतर्गत आतंकवादी हिंसा, वामपंथी उग्रवाद या सीमा पार गोलीबारी से अनाथ या निराश्रित हुए बच्चों को पढ़ाई और देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना अंतर्गत पात्र बच्चों की पहचान और सत्यापन जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जायेगा। सत्यापन उपरांत पात्र प्रस्ताव गृह विभाग को प्रेषित किये जायेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा ने बताया कि योजना के तहत हर साल 150 पात्र बच्चों को योजना का लाभ प्रदान किया जायेगा। योजना अंतर्गत कक्षा 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और कंप्यूटर कोर्स करने वाले बच्चों को 1250 रुपये प्रति माह, स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए 1500 रुपये तथा चिकित्सा, इंजीनियरिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों हेतु 1750 रुपये प्रति माह की सहायता राशि प्रदान की जायेगी। योजना अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय इंदौर में कक्ष क्रमांक-206 द्वितीय तल प्रशासनिक संकुल (कलेक्ट्रेट) में कार्यालयीन समय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
