
इंदौर। शहर के प्रख्यात क्षय रोग चिकित्सक एवं पूर्व जिला क्षय अधिकारी डॉ. विजय छजलानी को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में विशेष और महत्वपूर्ण योगदान देने तथा क्षय जैसे असाध्य माने जाने वाले रोगों से ग्रस्त मरीजों की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश स्टेट टीबी एसोसिएशन भोपाल द्वार लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मप्र स्टेट टीबी एसोसिएशन के अध्यक्ष जयपाल सचदेव एवं मानद सेक्रेटरी डॉ. मनोज वर्मा ने उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया। डॉ. छजलानी इंदौर जिले में 12 वर्षों तक जिला क्षय अधिकारी के पद पर रहते हुए टीबी उन्मूलन से जुड़े अनेक अभियानों का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने गरीब टीबी मरीजों को पोषण आहार प्रदान करने वाली योजना सहित अनेक अभियानों में निःस्वार्थभाव से योगदान किया है। क्षय पीड़ित सहायक संघ के अध्यक्ष एच एल जैन, सचिव जयप्रकाश माहेश्वरी, उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, डॉ. अतुल खराटे, डॉ. जीडी नागर, डॉ. शरद दोशी एवं डॉ. शैलेन्द्र कुमार जैन सहित अनेक चिकित्सकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
