भागीरथपुरा हादसे में दूषित जल से ही मृत्यु हुई है इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट में की गई है हादसे में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। गीताबाई (68) की मौत हो गई है। 16 बच्चों समेत 201 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। सभी 15 लोगों की जान दूषित पानी की वजह से ही गई है।
इसकी पुष्टि गुरुवार को महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की लैब रिपोर्ट से हो गई।जांच रिपोर्ट में साफ तौर पर पुष्टि हुई है कि दूषित पानी पीने से ही लोग बीमार पड़े और उनकी जान गई। कलेक्टर शिवम वर्मा का कहना है कि डिटेल्ड रिपोर्ट का इंतजार है। मेडिकल कॉलेज में कल्चर टेस्ट भी किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना ठीक होगा।वहीं, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी माना कि भागीरथपुरा के पेयजल में सीवेज का पानी मिलने से हालात बिगड़े हैं।
इस मुद्दे पर आज हाईकोर्ट की दो सदस्यीय बेंच ऑनलाइन सुनवाई करेगी। कोर्ट ने सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगा है। हाईकोर्ट में शासन ने जो जवाब पेश किया है उसमें अबतक सिर्फ चार मौतें ही बताई गई हैं।
