इंदौर।लसुड़िया थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने फिल्मी अंदाज में एक बड़े टू-व्हीलर शोरूम को निशाना बनाया। चोरों ने देर रात शोरूम के सामने का कांच का गेट तोड़ा, भीतर घुसे और वहां रखी एक चमचमाती नई पेटीपैक पल्सर 220 मोटरसाइकिल चुराकर रफूचक्कर हो गए। चोरी की यह पूरी लाइव वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वारदात लसुड़िया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 अरण्य नगर स्थित सुजाति ऑटो प्राइवेट लिमिटेड’ शोरूम पर हुई। शोरूम के कर्मचारी फरियादी गगन सिंह पंवार पिता ईश्वर सिंह पंवार निवासी कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड ने थाने पहुंचकर इस चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।फरियादी गगन सिंह ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह काम खत्म होने के बाद शोरूम लॉक करके स्टाफ घर चला गया था। देर रात दो अज्ञात नकाबपोश चोर शोरूम के बाहर पहुंचे। चोरों ने सबसे पहले शोरूम के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे बड़े कांच के गेट को कड़े प्रहार से तोड़ दिया। रास्ता साफ होते ही दोनों आरोपी बेखौफ होकर शोरूम के भीतर दाखिल हुए।शोरूम के अंदर खड़ी कई गाड़ियों के बीच से चोरों ने ब्लैक-रेड रंग की एक नई पेटीपैक पल्सर 220 बाइक को चुना। आरोपी फिल्मी स्टाइल में गाड़ी को शोरूम से बाहर निकालते हुए उसे स्टार्ट कर हवा की रफ्तार से गायब हो गए।सुबह जब शोरूम खुला और कांच टूटा देखा गया, तब चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ। शोरूम प्रबंधन ने जब अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो उसमें दो अज्ञात आरोपी कांच तोड़कर पल्सर बाइक ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
