रविवार को नर्मदा जयंती पर माँ करेंगी नौका विहार – 26 जनवरी को भव्य पुष्प बंगले में विराजित होकर दर्शन देंगी भगवती

इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चल रहे प्रकाशोत्सव में पांचवे दिन बसंतोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर स्थित सभी प्रतिमाओं का नयनाभिराम श्रृंगार कर पूजन अर्चन किया जाएगा। सभी देव प्रतिमाओं को केशरिया परिधान में श्रृंगारित किया जाएगा। मंदिर पर गुरुवार को माँ ललिता पराम्बा का देवी कुस्मांडा के रूप में श्रृंगार किया गया। उधर, मंदिर पर चल रहे सग्रहमख ललिताम्बा महायज्ञ में स्वाहाकार की मंगल ध्वनि जारी है, जिसमें 31 विद्वान प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। अब तक यहाँ 41 हजार आहुतियाँ संपन्न हो चुकी हैं।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि बसंत पंचमी के पावन पर्व पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में मंदिर स्थित सभी देव प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। भगवती के नित्य नूतन और मनोहारी श्रृंगार का जिम्मा आचार्य पं. लोकेश शर्मा और उनके साथी निभा रहे हैं। मंदिर पर प्रतिदिन सुबह 6 बजे वैदिक संध्या वेदपाठ, 7:30 बजे षोडशोपचार पूजन, 9 बजे श्रृंगार आरती, दोपहर 2.30 बजे दुर्गा सप्तशती पाठ, शाम 6 बजे ललिता सहस्त्र नामावली से लक्षार्चन आराधना के अनुष्ठान 27 जनवरी तक होंगे। संध्या को 8 बजे विद्वानों द्वारा की जा रही 108 दीपों से महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शनिवार को शाम 5 बजे आश्रम परिसर से माँ अपने भक्तों को दर्शन देने शहर भ्रमण पर निकलेगी। एक सुसज्जित रथ में विराजित होकर माँ भगवती कालानी नगर, सुखदेव नगर, साठ फीट रोड, कान्यकुब्ज नगर, एयरपोर्ट रोड होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी, जहाँ माँ को 56 भोग समर्पित किए जाएँगे। शोभा यात्रा की जोरदार तैयारियां जारी है।
आश्रम से जुड़े रमेश पसारी, रमेश राठोर एवं संजय पंडित ने बताया कि रविवार 25 जनवरी को सुबह 9.30 बजे से पूज्य ‘भगवन’ के श्रीविग्रह एवं पादुका पूजन अभिषेक एवं आरती तथा शाम 6 बजे नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में नर्मदा के पवित्र जल में माँ का नयनाभिराम नौकाविहार होगा। नौकाविहार की जीवंत झांकी भी श्रृंगारित की जाएगी। महाअष्टमी सोमवार 26 जनवरी को शाम 6 बजे से माँ का भव्य पुष्प बंगला श्रृंगारित होगा जिसमें विराजित होकर माँ के दिव्य दर्शन होंगे। मंगलवार 27 जनवरी को शाम 6 बजे से दीपोत्सव एवं छप्पन भोग दर्शन का दिव्य आयोजन होगा। महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सग्रहमख ललिताम्बा महायज्ञ आश्रम की यज्ञ शाला में प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से हो रहा है।
