जूनी इंदौर मुक्ति धाम सेवा समिति के तत्वावधान में महामृत्युंजय मंदिर पर कथा सुनाएँगे पं. श्याम सुंदर शास्त्री

इंदौर। विद्या और वाणी की देवी माँ सरस्वती को समर्पित बसंतोत्सव के शुभारम्भ प्रसंग पर जूनी इंदौर स्थित मोक्ष धाम परिसर के महामृत्युंजय मंदिर पर पहली बार श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा का आयोजन 23 से 30 जनवरी तक किया जाएगा। इसका शुभारंभ शुक्रवार 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे मोक्ष धाम के सामने स्थित बलवीर हनुमान मंदिर से शोभा यात्रा के साथ होगा। भागवताचार्य पं. श्याम सुंदर शास्त्री व्यास पीठ पर विराजित होकर प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक भागवत कथामृत का रसपान कराएँगे। कथा के लिए मोक्ष धाम पर व्यास पीठ एवं पंडाल का निर्माण किया गया है। भक्तों के लिए कथा स्थल पर सुविधा के समुचित प्रबंध भी किए गए हैं।
जूनी इंदौर मुक्ति धाम सेवा समिति की ओर से संयोजक अशोक सारडा एवं राजेश जोशी ने बताया कि शहर में कुछ वर्षों पूर्व पंचकुईया मुक्ति धाम पर समाजसेवी प्रेम बाहेती के प्रयासों से भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया था। उनसे प्रेरणा लेकर अब जूनी इंदौर मुक्ति धाम पर यह आयोजन पं. श्याम सुंदर शास्त्री के श्रीमुख से किया जा रहा है। ज्ञान यज्ञ में आचार्य पं. राजेश तिवारी के आचार्यत्व में भागवत का मूलपारायण भी होगा।
सारडा एवं जोशी ने बताया कि स्मशान घाट पर बड़ी संख्या में दिवंगतों की अस्थियों का संग्रह जमा हो चुका है। अनेक दिवंगतों के परिजन अंतिम संस्कार के बाद अपने स्वजनों की अस्थियों को स्मशान घाट से नहीं ले जा सके हैं और न ही शास्त्रोक्त विधि विधान से उन अस्थियों का विसर्जन किया गया है जिसके कारण वे अस्थियाँ स्मशान घाट पर ही पड़ी हुई हैं। जूनी इंदौर मुक्ति धाम सेवा समिति ने निश्चय किया है कि इन सभी अस्थियों को दिवंगत लोगों के परिजनों को सौंप दिया जाए, इसके लिए 30 जनवरी तक की तिथि तय की गई है। सम्बन्धित लोगों से आग्रह किया गया है कि वे 30 जनवरी तक जूनी इंदौर मोक्ष धाम आकर अपने दिवंगत परिजनों की अस्थियाँ ले जाएँ अन्यथा समिति की ओर से 30 जनवरी को उनका विधिवत विसर्जन कर दिया जाएगा। 30 जनवरी को भागवत ज्ञान यज्ञ का भी समापन होगा। आयोजन से जुड़े रामनिवास भराणी, आशुतोष झंवर एवं ललित भंडारी ने सभी भक्तों से भागवत कथा का पुण्य लाभ उठाने का आग्रह किया है।
मोक्ष धाम पर भागवत ज्ञान यज्ञ का रसपान कराने वाले पं. श्याम सुंदर शास्त्री ने महर्षि वैदिक विश्वविद्यालय जबलपुर से शिक्षा प्राप्त की है तथा वृंदावन में अध्यात्म और कर्मकांड का अध्ययन किया है। उन्होंने देश के प्रख्यात संत अग्रपीठ मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास देवाचार्य से दीक्षा प्राप्त की है। वे अब तक देश में 128 भागवत ज्ञान यज्ञ एवं अन्य अनुष्ठान सम्पादित करा चुके हैं। पं. शास्त्री पश्चिम क्षेत्र स्थित गुरुकृपा कॉलोनी में जय सिया राम बाबा के मंदिर में सेवाएँ देते हुए सनातन धर्म और संस्कृति के प्रचार प्रसार में निस्वार्थ भाव से समर्पित बने हुए हैं। वे जूनी इंदौर मोक्ष धाम पर 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे मंडल स्थापन, पूजन, 24 को शुकदेव परीक्षित संवाद, 25 को महाभारत प्रसंग-सती एवं ध्रुव चरित्र, 26 को राष्ट्र वंदना के पश्चात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 27 को बाल लीलाएँ, मटकी फोड़ एवं 56 भोग, 28 को महारास एवं रुक्मणी विवाह, 29 को सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष तथा 30 जनवरी शुक्रवार को अस्थियाँ विसर्जन का अनुष्ठान करेंगे। कार्यक्रम सबके लिए खुला है।
