भस्म रमैया डमरू मंडली और ताशा पार्टी के साथ मंगल कलशधारी महिलाएं और श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए शामिल

इंदौर । एबी रोड मालवीय नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर के 23वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में बसंत पंचमी पर मंदिर से शुक्रवार को सुबह खाटू श्याम बाबा की रथयात्रा का दिव्य आयोजन किया गया। यात्रा का समूचे मार्ग में श्याम भक्तों ने नाचते-गाते और झूमते हुए आत्मीय स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा के नजारे देखने को मिले। यात्रा में 251 महिलाएं मंगल कलश एवं 125 पुरुष रंग-बिरंगी श्याम ध्वजा लेकर नाचते-गाते झूमते रहे। महाकाल मंदिर उज्जैन की भस्म रमैया डमरू मंडली के सदस्य पूरे समय डमरू एवं झांज लिए चल रहे थे। हनुमानजी एवं शौर्य के प्रतीक देवी-देवताओं के अलावा भजन मंडली एवं गरबा मंडली के सदस्य भी आकर्षण का केन्द्र बने रहे। ढोल एवं ताशा पार्टी के भक्तों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। भक्तों के उत्साह ने समूचे मार्ग को श्याममय बना दिया। भक्तों के उत्साह का आलम यह था कि रथ यात्रा को 5 किमी की दूरी तय करने में 5 घंटे का समय लगा।
खाटू श्याम सेवक समिति के संरक्षक मदनलाल शर्मा, रामकुमार अग्रवाल एवं सुरेश रामपीपलिया ने बताया कि रथयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर नादिया नगर, अटल द्वार होते हुए पाटनीपुरा एवं रसोमा चौराहा पार कर पुनः मालवीय नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां मंदिर समिति की ओर से राजकुमार चितलांगिया, अनिल तांबी, रामलाल जांगीड़, मनोज चितलांगिया, जयप्रकाश इंदौरिया आदि ने श्याम भक्तों का स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर भी श्याम भक्तों का उत्साह बना रहा। मंदिर के गर्भ गृह एवं अन्य देवी देवताओं का 2 लाख रुपए मूल्य के करेंसी नोटों से किया गया श्रृंगार भी भक्तों में आकर्षण और श्रद्धा का विषय बना रहा। श्याम भक्त नाना राठौड़ और उनकी टीम द्वारा किए गए श्रृंगार को देखने के लिए दिनभर भक्तों का मेला जुटा रहा। रथयात्रा पर सुसज्जित श्याम बाबा की एक झलक पाने के लिए समूचे मार्ग में भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। बाबा के रथ को सैकड़ों भक्त हाथों से खींचकर चलते रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मयंक कुमावत, रवि शर्मा, जय जांगीड, अंकुर सुरेका, शुभम मीणा, अशोक शर्मा, वीरेन्द्र दत्त, महेश यादव, सत्यनारायण शर्मा, ओम शर्मा, दिनेश शर्मा, रामचरण शर्मा सहित 40 कार्यकर्ता पूरे मार्ग में मुस्तैदी से तैनात रहे। यात्रा के प्रति भक्तों का उत्साह इतना जबरदस्त रहा कि यात्रा तय होने में 5 घंटे का समय लग गया।
25 को भजन संध्या – महोत्सव में रविवार 25 जनवरी को श्याम भजन संध्या का दिव्य आयोजन शाम 5.15 बजे से बर्फानी धाम के पास पानी की टंकी के सामने कमल नयन उपवन, एम आर -9 पर होगा, जिसमें नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, समाजसेवी बालमुकुन्द सोनी, श्रीमती मनीषा कालू गागोरे एवं पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार सहित अनेक विशिष्टजन अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव में श्याम सखा मंडल, श्याम प्रेम मंडल एवं शहर तथा राज्य के अनेक श्याम भक्तों के संगठनों की भी भागीदारी रहेगी।
