सभी युगलों को गृहस्थी चलाने योग्य आकर्षक उपहार भेंट किए जाएंगे – सन 80 से चली आ रही परंपरा का हो रहा निर्वाह
इंदौर अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप इंदौर महानगर अग्रवाल समाज इस वर्ष भी विभिन्न समाजों के 22 युगलों का विवाह समारोह सोमवार, 16 मार्च को राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभ कारज गार्डन पर आयोजित करने जा रहा है। ब्रह्मलीन समाजसेवी रमेशचंद्र अग्रवाल एवं कुंजीलाल गोयल की प्रेरणा से वर्ष 1980 से प्रारंभ की गई इस परंपरा में अब तक 525 से अधिक युगलों के विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं। इस वर्ष भी जो 22 जोड़े इस सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे वे पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पडोसी राज्यों के अन्य कस्बों से अपने परिजनों सहित इंदौर आएंगे। सभी युगलों को समाज के वरिष्ठ सेवाभावी बंधुओं के सौजन्य से गृहस्थी चलाने योग्य अनेक उपहार देकर विदा किया जाएगा।
इंदौर महानगर अग्रवाल समाज की ओर से संयोजक अरविन्द बागड़ी, राजेश कुंजीलाल गोयल, नंदकिशोर कंदोई एवं अनिल अग्रवाल ने बताया कि प्रमुख संरक्षक गिरीश अग्रवाल, राजेश चेलावत एवं प्रमुख परामर्शदाता विनोद अग्रवाल, दिनेश मित्तल, सुनील-डॉ. दिव्या गुप्ता एवं प्रेमचंद गोयल, निर्मल रामरतन अग्रवाल, रामदास गोयल, पवन सिंघानिया, टीकमचंद गर्ग, नारायण अग्रवाल 420 पापड़वाले, रामबाबू अग्रवाल नेताजी, श्रीमती नीति-पुनीत अग्रवाल, विष्णु बिंदल एवं जगदीश बाबाश्री के मार्गदर्शन में सामूहिक विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विवाह स्थल पर 22 लग्न मंडप, 22 यज्ञ वेदी एवं 22 तोरण तथा 22 पंडितों की व्यवस्था की जा रही है। समाजसेवी महेश मित्तल, मनीष खजांची, महेश अग्रवाल निरमा, गयाप्रसाद तायल, अरविन्द वेल्यूअर, नंदकिशोर गायत्रीदेवी अग्रवाल, विनोद सिंघानिया, राजेंद्र गोयल शिवशक्ति, राजेन्द्र समर्पण, कांता-ओम अग्रवाल, सुरेश-डॉ संध्या गुप्ता, रमेश गुप्ता पीठेवाले, गोविंद मंगल, के.के. गोयल कांट्रेक्टर, वर्षा बंसल सहित समाज के सैकड़ों बंधुओं का सहयोग मिल रहा है। विवाह में शामिल युगलों को गृहस्थी चलाने योग्य उपहार भी भेंट किए जाएंगे।
वन डे प्रोग्राम- विवाह की सभी रस्में एक ही दिन में संपन्न कराई जाएंगी। 16 मार्च को सभी वर-वधु एवं उनके रिश्तेदार सुबह 9 बजे विवाह स्थल पहुचेंगे और वहां सबसे पहले गणेश पूजन, उसके बाद 10 बजे साकड़ी राखी, 11 बजे चाक-भात, दोपहर 1 बजे सगाई, सायं 4 बजे सामेला, 5 बजे वर निकासी, 5.30 बजे वर-वधु का संयुक्त चल समारोह एवं तदपश्चात शुभलग्न से लेकर विवाह के सभी संस्कार संपन्न होंगे। शोभा यात्रा के लिए 22 घोड़ियों पर दूल्हे एवं 8 बग्घियों पर दूल्हें सवार रहेंगी।
यातायात की सुविधा के लिए छोटी शोभायात्रा- वर-वधू की शोभायात्रा शुभकारज गार्डन से राजीव गांधी चौराहा स्थित शिव मंदिर तक बैंडबाजों सहित सड़क के एक ओर, यातायात के लिए पर्याप्त जगह छोड़कर निकाली जाएगी। मेहमानों के लिए सुबह-शाम दोनों समय भोजन, सुबह नाश्ते एवं दिनभर चाय की व्यवस्था भी की गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह छोटी शोभायात्रा होगी।
अग्रवाल समाज इंदौर के शुभ संकल्पों की श्रृंखला में यह एक बड़ा आयोजन पिछले कई वर्षों से जुड़ा हुआ है, जिसके लिए पूरे उत्साह से तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस अभिनव योजना के संस्थापक ब्रह्मलीन समाजसेवी कुंजीलाल गोयल एवं प्रमुख प्रेरणा स्त्रोत वरिष्ठ समाजसेवी रमेशचंद्र अग्रवाल ने बरसों पूर्व ‘कन्यादान – महादान’ का आव्हान किया था। अब इंदौर महानगर अग्रवाल समाज ने उनके सपनों को वरिष्ठ सेवाभावी मार्गदर्शक गिरीश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल एवं प्रेमचंद गोयल सहित अनेक सेवाभावी बंधुओं के सहयोग से मूर्त रूप प्रदान करने का शुभ संकल्प किया है।
