शहर सहित 25 गांवों के श्रद्धालु आएंगे
महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में हुई बैठक में निर्णय – विशाल कलश यात्रा के साथ 22 मई को होगा शुभारंभ
इंदौर हवा बंगला कैट रोड स्थित हरिधाम पर आश्रम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्यामदास महाराज की प्रेरणा से महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्रीराम कथा, पंचकुण्डीय श्रीहनुमत महायज्ञ एवं विशाल भंडारे के अनुष्ठान होंगे। राष्ट्र उत्थान, जन कल्याण एवं भक्तों की कार्यसिद्धि के लिए हो रहे इन कार्यक्रमों में शहरी क्षेत्र सहित आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु भागीदार बनेंगे।
हरिधाम लोक मंगल न्यास की बैठक शनिवार को हरिधाम पर महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में आयोजित की गई जिसमें प्रमुख ट्रस्टी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं दिनेश मित्तल सहित अन्य ट्रस्टीगण भी शामिल हुए। न्यास के डॉ. सुरेश चोपड़ा, सुधीर अग्रवाल, सीताराम नरेडी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशीष गर्ग, मुकेश जैन एवं विजय सिंह राणा भी इस अवसर पर मौजूद थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 मई से प्रारम्भ होने वाले पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में शुक्रवार 22 मई को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा एवं हनुमत महायज्ञ का दिव्य शुभारंभ होगा। हरिधाम परिसर में प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक हनुमत महायज्ञ एवं दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्रीराम कथामृत की वर्षा होगी। इसी दौरान हरिधाम परिसर में 45*45 आकार में पंचकुंडीय यज्ञशाला का निर्माण कर श्रीहनुमत महायज्ञ का दिव्य आयोजन भी होगा। महायज्ञ में एक विशिष्ट महामंत्र से आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। अनुष्ठान के समापन पर शहरी क्षेत्र सहित आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन की दिव्यता को देखते हुए महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में हरिधाम लोक मंगल न्यास एवं भक्त मंडल तथा आयोजन समिति की बैठक का आयोजन नियमितरूप से होता रहेगा जिनमें अनुष्ठान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
