
इंदौर मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव की सरकार अगले सिंहस्थ मेले की तैयारियों को लेकर बहुत उत्साह और दूरदर्शिता के साथ काम कर रही है लेकिन यह भी देखना पड़ेगा कि परम्परागत मेला स्थल पर हो रहे अवैध कब्जे और अखाड़ों तथा खालसाओं के लिए आरक्षित परम्परागत जमीनों पर पक्के निर्माण कार्य नहीं हो पाएं। यह देखा जा रहा है कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र उज्जैन में अनेक स्थानों पर विशेषकर मंगलनाथ एवं अंकपात क्षेत्रों में सिंहस्थ के दौरान लगाए जाने वाले शिविरों की जमीनों पर रसूखदार लोग कब्ज़ा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं महाकाल के भक्त हैं और उनके नेतृत्व में मेले की दिव्य तैयारियां चल रही है किन्तु ऐसे तत्वों पर रोक लगाने के लिए भी उन्हें उतना ही उत्साह दिखाना होगा।
एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित तपोनिष्ठ संत स्वामी हंसदास की तपोस्थली, प्राचीन हंसदास मठ पर टीला गद्दाचार्य मंगल पीठाधीश्वर स्वामीश्री माधवाचार्य महाराज ने शनिवार को अपनी संत मण्डली के साथ पधारकर महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में चल रहे 108 श्रीमद भागवत पारायण के दिव्य अनुष्ठान में शामिल विद्वानों एवं भागवतजी का पूजन करने के पश्चात आयोजित धर्मसभा में उक्त बातें कही। स्वामी माधवाचार्य दाउजी मंदिर डाकोर (गुजरात), हनुमान मंदिर (मलाड, मुंबई) के भी अधिष्ठाता हैं। उनके साथ महात्यागी बाबा सीताराम दास (अयोध्या), दिगम्बर अखाड़े के भक्तिदास महाराज (नासिक), महंत राजीवलोचन दास (काशी), महंत हरिओम दास महाराज (बांसवाडा), महंत जगदीशदास महाराज (दाहोद), महंत काशीदास महाराज (पवासा, उज्जैन), महंत विशम्भरदास (जगन्नाथपुरी), महंत गरीबदास महाराज (भावनगर) एवं महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा (इंदौर) भी मौजूद रहे जिन्होंने अधिकमास के पर्व पर हंसदास मठ पर आयोजित इस अनूठे आयोजन की प्रशंसा करते हुए सभी विद्वानों का स्वागत एवं भागवतजी का पूजन भी किया। मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने उनका पाद पूजन किया। सभी संतों ने भागवतजी की आरती में भी भाग लिया, मठ परिसर स्थित देवालय में पूजन अर्चन के पश्चात गोसेवा भी की और 100 फीट लम्बे कैनवास पर चित्रांकित रामायण के भी दर्शन किए। विधायक रमेश मेंदोला भी इस अवसर पर विशेषरूप से उपस्थित थे और उन्होंने भी सभी संतों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मठ की ओर से महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने पाद पूजन के पश्चात उन्हें मठ की गतिविधियों तथा प्रयागराज एवं उज्जैन सहित विभिन्न कुम्भ मेलों में इंदौर खालसा के शिविरों के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में श्रद्धा सुमन सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष हरि अग्रवाल, राजेंद्र गर्ग, अशोक गोयल, राजेंद्र सोनी, गोकुल पसारी, संजय सिंघानिया, तथा हंसदास भक्त मंडल सहित अनेक संस्थाओं की ओर से सभी संतों का गरिमापूर्ण सम्मान किया गया। संचालन महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने किया। आभार माना पुजारी अमितदास ने।
