इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की ग्वाला कॉलोनी में आपसी बातचीत के दौरान पैदा हुई गलतफहमी ने एक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। भाई- बहन के बीच हो रही सामान्य बहस को खुद पर समझकर एक सिरफिरे पड़ोसी ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना ग्वाला कॉलोनी की है। फरियादी रजनी पति दीपक तंवर अपने भाई राजा पिता भारत निर्गुड़े से किसी काम को लेकर थोड़ी ऊंची आवाज में बात कर रही थीं। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला आरोपी रोहित पिता हरिप्रसाद अहिरवार वहां पहुंच गया। रोहित को गलतफहमी हुई कि राजा उसे गाली दे रहा है, जिस पर वह राजा से विवाद करने लगा। फरियादी रजनी ने पुलिस को बताया कि उसके भाई राजा ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए आरोपी रोहित से कहा कि मैं तुझे कुछ नहीं बोल रहा हूं, मेरी बहन रजनी से बात कर रहा हूं, लेकिन आरोपी रोहित इतने में भी समझने को तैयार नहीं हुआ और राजा को गालियां देने लगा। जब राजा ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी रोहित ने तैश में आकर अपने पास रखा चाकू निकाला और राजा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू के इस हमले में राजा के दाहिने हाथ की भुजा और कलाई के पास गहरे घाव हो गए।भाई को लहूलुहान देख जब बहन रजनी जोर-जोर से चिल्लाई, तो आसपास के लोग इक_ा होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी रोहित वहां से भागने लगा। जाते-जाते उसने पीडि़त परिवार को धमकी दी कि आज के बाद कभी कुछ बोला तो जान से खत्म कर दूंगा। वारदात के तुरंत बाद बदहवास बहन रजनी अपने घायल भाई राजा को इलाज के लिए शासकीय महाराजा यशवंतराव अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने फरियादी रजनी की शिकायत पर आरोपी रोहित अहिरवार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
