इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक को सिर्फ इसलिए लहूलुहान कर दिया गया क्योंकि उसने एक अन्य युवक को बीड़ी और माचिस देने से मना कर दिया था। आरोपी ने इस मामूली बात पर तैश में आकर डंडे से हमला कर युवक का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घटना सांवेर रोड स्थित मौनी बाबा आश्रम के सामने, नरवल भैरू बाबा मंदिर के पास की है। शिवकंठ नगर निवासी फरियादी अर्जुन सिसोदिया पिता कैलाश सिसोदिया पेशे से ड्राइवर हैं। वे अपने साथी ड्राइवर दिनेश मंगल और प्रेम कौशल के साथ दोपहर में मंदिर के पास पेड़ की छांव में बैठे हुए थे। इसी दौरान मौनी बाबा आश्रम के सामने रहने वाला आरोपी गणेश उर्फ आयलू गणेश कौशल पिता कन्हैया उनके पास पहुंचा। आरोपी गणेश उर्फ आयलू ने अर्जुन के पास आकर उनसे बीड़ी और माचिस की मांग की। जब अर्जुन ने उससे कहा कि उनके पास बीड़ी-माचिस नहीं है, तो आरोपी इतने में ही आपा खो बैठा। वह अर्जुन के साथ सरेराह गालियां देने लगा। जब अर्जुन और उनके साथियों ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया, तो विवाद और बढ़ गया। गाली देने से रोकने पर आरोपी गणेश पास ही पड़ा एक भारी-भरकम डंडा उठा लाया और अर्जुन पर अचानक हमला कर दिया। उसने डंडे से अर्जुन के सिर पर पीछे की तरफ जोरदार वार किया। हमला इतना तेज था कि अर्जुन का सिर फट गया और मौके पर ही खून बहने लगा। अर्जुन को लहूलुहान देख उनके साथी बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। जाते-जाते उसने कहा किआज के बाद मुझे बीड़ी-माचिस देने से मना किया, तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा।
