इंदौर खुड़ैल थाना क्षेत्र के कम्पेल चौकी इलाके में जिला प्रशासन और कलेक्टर के आदेशों की धज्जियां उड़ाने का एक मामला सामने आया है। यहाँ ग्राम उज्जैनी स्थित ‘बंसल फार्म हाउस’ में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और स्थानीय पुलिस को सूचना दिए देर रात एक बर्थडे पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने तस्दीक के बाद फार्म हाउस के मालिक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टोरेट एवं जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर और स्थानीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कंपेल चौकी क्षेत्र के ग्राम उज्जैनी में स्थित बंसल फार्म हाउस में देर रात भारी भीड़ जमा है और वहाँ तेज़ आवाज़ में संगीत के बीच एक जन्मदिन की पार्टी का बड़ा आयोजन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक करने और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जब खुड़ैल पुलिस और कम्पेल चौकी की संयुक्त टीम अचानक फार्म हाउस पर जांच के लिए पहुँची, तो वहाँ बड़े पैमाने पर पार्टी चलती हुई पाई गई। जांच के दौरान जब पुलिस अधिकारियों ने फार्म हाउस के मैनेजर और आयोजकों से इस देर रात पार्टी के संबंध में जिला प्रशासन या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी वैध अनुमति पत्र की मांग की, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में यह भी साफ हुआ कि इस आयोजन के संबंध में न तो संबंधित कंपेल चौकी को कोई लिखित सूचना दी गई थी और ना ही खुड़ैल थाने को अवगत कराया गया था। इंदौर पुलिस के मुताबिक, वर्तमान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी बड़े सार्वजनिक या निजी आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति इतनी बड़ी पार्टी का आयोजन कर फार्म हाउस संचालक ने सीधे तौर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के कानूनी आदेशों की अवहेलना की है।
