नीना देवी अग्रवाल की स्मृति में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, गुरूजी सेवा न्यास एवं छवि वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से आयोजित
स्कीम 54 स्थित माधव सृष्टि पर 547 एवं छावनी में 621 मातृशक्ति ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण – 261 की हुई कैंसर स्क्रीनिंग

इंदौर बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं गुरूजी सेवा न्यास की मेजबानी में बुधवार को श्रीमती नीना देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में शहर में दो स्थानों पर मातृशक्ति के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे, स्कीम 54 स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) पर 547 एवं छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस सेंटर पर 621 महिलाओं ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। दोनों स्थानों पर 40 वर्ष से अधिक आयु की 261 महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग जांच भी निशुल्क की गई। दोनों स्थानों पर गुरुवार को भी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक शिविर जारी रहेंगे।
बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित गुरूजी सेवा न्यास द्वारा संचालित माधव सृष्टि, चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सेवा विभाग एवं सेवा भारती के मार्गदर्शन में शिविर का शुभारंभ बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख समाजसेवी विनोद अग्रवाल, न्यासी वंशिका तपन अग्रवाल, पुरुषोत्तम गुप्ता, मुकेश हजेला, न्यास के सचिव संदीप जमींदार, मनीषी श्रीवास्तव, नारायण अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, डॉ. संजय लोंढे एवं अन्य सहयोगी बंधुओं ने महाराजा अग्रसेन एवं श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि समर्पित कर किया। यहाँ 547 महिलाओं की विभिन्न प्रकार की जांचे की गई जबकि कैंसर स्क्रीनिंग जांच का लाभ 110 महिलाओं ने उठाया। गुरुवार को भी सुबह 9 बजे से शिविर प्रारम्भ हो जाएगा। यहाँ दोपहर 3 बजे तक शिविर खुला रहेगा। शिविर में जनरल फिजिशियन, चर्म रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, विशेषज्ञों की सेवाएँ भी उपलब्ध रहेंगी तथा खून संबंधी जांचें, दंत रोग, पीएफटी श्वास, न्यूरोपैथी नसों की जाँच, मोतियाबिंद परीक्षण की सुविधा भी मिल सकेगी।
इसी तरह छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस डायग्नोस्टिक सेंटर पर बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के ट्रस्टी वंशिका तपन अग्रवाल, छवि वेलफेयर सोसायटी की ओर से गोपाल गोयल, संदीप गोयल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुडी वर्षा मूलचंदानी एवं श्रुति गोयल ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में डॉ. आरके गौड़, वैभव वाट के मार्गदर्शन में पुष्पा गुप्ता, रश्मि गोयल, नीना बद्रुका, अनिता गोयल, रंजना ताई एवं पूजा गोयल सहित विभिन्न कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएँ दी। शिविर में सुबह 8 बजे से ही महिलाओं का आगमन शुरू हो गया था। सेंटर के चिकित्सकों ने 621 महिला मरीजों की खून संबंधी जांचें, दंत रोग, पीएफटी श्वास, न्यूरोपैथी नसों की जाँच, मोतियाबिंद सहित विभिन्न जांचे की। छावनी सेंटर पर 151 महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग जाँच भी की गई। शिविर छावनी में सुबह 9 बजे से प्रारम्भ हो जाएगा जहाँ सांसद सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला एवं भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
