कारखाने से चोर लाखों का माल ले उड़ा, सीसीटीवी में हुआ कैद
इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक कंपनी में अज्ञात चोर ने शटर से प्रवेश कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर कारखाने के अंदर घुसकर करीब 28 किलो कीमती टंगस्टन कार्बाइड प्लैट और 5 किलो पीतल की रॉड समेटकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात कंपनी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बाणगंगा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी तुषार किंकर निवासी सुखलिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई ह ै।
तुषार ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी बद्रीधाम कॉलोनी, टिगरिया बादशाह में स्थित है। जब वे और उनका स्टाफ सुबह करीब 9:00 बजे वापस कंपनी पहुंचे, तो कारखाने के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अंदर रखी करीब 28 किलोग्राम टंगस्टन कार्बाइड फ्लैट और 5 किलोग्राम पीतल की कीमती रॉड गायब थीं। इसके बाद जब उन्होंने कंपनी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक अज्ञात चोर साफ नजर आया। वीडियो के मुताबिक, 1 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे उक्त अज्ञात बदमाश ने चालाकी से कंपनी का शटर उठाया और भीतर दाखिल होकर सारा कीमती सामान चोरी कर ले गया। बाणगंगा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
