इंदौर
गांधी नगर थाना क्षेत्र के दिलीप नगर में भाई को मोटरसाइकिल पर बैठाने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया।जिसके चलते दो आरोपियों ने मिलकर एक युवक, उसके छोटे भाई और बीचबचाव करने आए चचेरे भाई पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार फरियादी अजय पिता राजेश परमार निवासी रामानंद नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। अजय ने पुलिस को बताया कि वह दिलीप नगर स्थित वाइन शॉप के सामने से अपने छोटे भाई अर्जुन परमार को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगा था तभी वहां पहले से मौजूद आरोपी निर्मल सोलंकी और विजय सोलंकी दोनों निवासी दिलीप नगर, गांधी नगर आए और अर्जुन को बाइक पर बैठने से जबरन रोकने लगे। जब अजय ने इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने हथियारों से हमला बोल दिया। आरोपी निर्मल ने अजय के छोटे भाई अर्जुन पर लोहे की भारी रॉड से वार कर दिया, जिससे उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई। जब अजय अपने भाई को बचाने आगे आया, तो आरोपी विजय ने उस पर डंडों की बौछार कर दी, जिससे अजय के सिर, पैर, हाथ और पीठ में चोटें आईं। इस दौरान शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचा अजय की बुआ का लडक़ा हिमांशु वर्मा भी आरोपियों की बर्बरता का शिकार हुआ और तीनों भाई घायल हो गए। गांधी नगर थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
