इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी बेटे और बहू ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर अपनी 60 वर्षीय वृद्ध मां और पिता के साथ न केवल गालीगलौच और मारपीट की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनके खुद के स्वामित्व वाले मकान से जबरन बाहर निकाल दिया। आर्थिक और शारीरिक रूप से कमजोर बुजुर्ग दंपत्ति अब दर-दर भटकने के बाद एक किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। लसूडिया थाना पुलिस ने पीडि़त मां की शिकायत पर क्रूर बेटे और बहू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी कमला बाई पति श्रीराम पांडे (60) निवासी.स्कीम नंबर 78 ने थाने पहुंचकर अपने ही सगे बेटे मुकेश वर्मा (पांडे) और पुत्रवधु अलका वर्मा (पांडे) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वृद्धा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा और बहू पिछले काफी समय से उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे हैं। दोनों आए दिन छोटी-छोटी बातों पर उनके साथ गाली-गलौच करते थे और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट पर उतारू हो जाते थे। हद तो तब हो गई जब दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग माता-पिता को डराधमकाकर उनके ही घर से बेदखल कर दिया। पीडि़ता कमला बाई का आरोप है कि उनकी पुत्रवधु अलका ने उन्हें समाज में बुरी तरह अपमानित किया और ससुर पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। जान से मारने की धमकी मिलने और रोज-रोज के शारीरिक व मानसिक टॉर्चर से घबराकर बुजुर्ग दंपत्ति को अपना खुद का घर छोडऩा पड़ा। वर्तमान में दोनों वृद्ध माता-पिता बेहद दयनीय स्थिति में एक छोटे से किराए के मकान में जीवन बसर कर रहे हैं। बुजुर्गों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लसूडिया पुलिस ने दोनों आरोपी बेटे-बहू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
