नकदी, एटीएम और जरूरी दस्तावेज से भरा पर्स उड़ाया
इंदौर। छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र के कालका माता मंदिर के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ जेबकतरी की वारदात सामने आई है। यहाँ मंदिर के समीप भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात शातिर जेबकतरे ने बुजुर्ग की जेब में रखा पर्स बड़ी सफाई से उड़ा लिया। पर्स में नकदी रुपयों के साथ-साथ एटीएम कार्ड और अत्यंत महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज रखे हुए थे। छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने पीडि़त बुजुर्ग की शिकायत पर अज्ञात जेबकतरे के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी महेश पिता लालचंद यादव (64) निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, छोटा बांगड़दा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। बुजुर्ग फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में स्थित कालका माता मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी वहां अचानक एक अज्ञात व्यक्ति उनके बेहद करीब आया। जब तक वे कुछ समझ पाते, वह व्यक्ति उनकी जेब पर हाथ साफ कर चुका था। कुछ देर बाद जब महेश ने अपनी जेब संभाली, तो उनका पर्स गायब था। पीडि़त के मुताबिक, चोरी गए पर्स में 4 हजार रुपये की नकदी, बैंक ऑफ इंडिया का एक एटीएम कार्ड तथा उनका और उनके बेटे प्रवीण यादव के मूल पहचान दस्तावेज रखे हुए थे।
