इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के राम मंदिर के पास फोन कर बुलाने के बाद दो युवकों पर क्रिकेट बैट और चाकू से हमला करने की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए हमला किया और मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, न्यू राम नगर निवासी फरियादी तुषार पिता इन्दरसिंह चौहान ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपने दोस्त नीरज यादव के साथ न्यू राम नगर रास्ते पर था, तभी नीरज के मोबाइल पर उसके दोस्त आकाश का फोन आया। आकाश ने उनसे राम मंदिर के पास आकर मिलने की बात कही। रात करीब १० बजे जब तुषार और नीरज राम मंदिर के पास पहुंचे, तब वहां पहले से आरोपी पीयूष निवासी विजयवर्गीय नगर और आकाश उर्फ अक्कू राजपूत निवासी सुंदर नगर अपने अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। दोनों को देखते ही आरोपी गाली-गलौज करने लगे और बोले कि वहां ज्यादा नेता बन रहे थे, अब तुमको बताते हैं। इसके बाद आरोपियों ने अपने पास रखे क्रिकेट बैट और चाकू से तुषार और उसके दोस्त पर अचानक हमला कर दिया। हमले में युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
