श्री कावड़ेश्वर सामाजिक सेवा समिति की 20वीं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों शिवभक्त हुए शामिल
इंदौर। (रईस पटेल ) मोबाइल: 9827034222
श्रावण मास के पावन अवसर पर तलावली चांदा से उज्जैन स्थित बाबा महाकाल की नगरी तक श्री कावड़ेश्वर सामाजिक सेवा समिति एवं रितेश पाल मित्र मंडल के तत्वावधान में 20वीं ऐतिहासिक बोल बम कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों शिवभक्त कंधों पर कांवड़ लेकर शामिल हुए। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो गया।
रविवार सुबह तलावली चांदा स्थित शिव मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चार के बाद सांवेर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। विद्वान पंडितों द्वारा भगवान भोलेनाथ का पूजन कराया गया। इसके बाद कांवड़ियों ने पवित्र जल लेकर बाबा महाकाल के दरबार की ओर प्रस्थान किया।
शाही सवारी, धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
कांवड़ यात्रा में भगवान भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी, आकर्षक धार्मिक झांकियां, ढोल-नगाड़े, ताशा पार्टी और शिव भजनों ने श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
सेवा शिविरों में कांवड़ियों की सेवा
तलावली चांदा से उज्जैन तक यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए। शिविरों में पेयजल, जलपान सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार दल तथा सुरक्षा वालंटियर्स भी तैनात रहे। पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया।
20 वर्षों से जारी है कांवड़ यात्रा
यात्रा प्रभारी सुनील परमार एवं जीवन पटेल ने बताया कि श्री कावड़ेश्वर सामाजिक सेवा समिति द्वारा पिछले 20 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 20वीं यात्रा को लेकर इस वर्ष शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देना है।
11 करोड़ राम नाम लेखन का लक्ष्य पूर्ण
आयोजन के दौरान 11 करोड़ राम नाम लेखन का लक्ष्य भी पूर्ण किया गया। कैलाश चौहान, जितेंद्र सिंह डोडिया, महेश मंत्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम नाम लेखन में सहभागिता की। लक्ष्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राम नाम रथ यात्रा भी निकाली गई।
उज्जैन पहुंचने के बाद हजारों कांवड़िए बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करेंगे।
संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर 1008 नरसिंहदास महाराज, 1008 दादू महाराज, त्रिनेत्र गौरव महाराज, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, रितेश पाल, पप्पू शर्मा, चंद्रशेखर पाराशर (चुनूं गुरु), सुनील परमार, राजेश पांडे, बबलू यादव, रोहित शर्मा, संदीप शर्मा, पार्षद राकेश सोलंकी, मुकेश यादव, अजयसिंह पंवार, व्यास जी, कृष्ण मालवीय, संतोष पाल, राहुल पाल, एडवोकेट राकेश पाल, आशीष बिरथरे, गणेश तिवारी, प्रियांशु जायसवाल, मोंटी बिरथरे, विक्की बिरथरे, प्रेम सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समिति पदाधिकारी और धर्मप्रेमी नागरिक मौजूद रहे।
