“हनुमान-वानर सेना” के साथ समान नागरिक संहिता के संकल्प का संदेश
बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ शहर

इंदौर। सावन माह में भक्ति और राष्ट्रभाव का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री संकट मोचन बाल हनुमान मंदिर समिति द्वारा इंदौर से उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार तक 251 परिवारों की “परिवार कावड़ यात्रा” सुभाष मार्ग से दोपहर 12 बजे इंदौर से रवाना हुई। यात्रा का यह 12 वा वर्ष है ।यात्रा के मार्गदर्शक संरक्षक विधायक उषा ठाकुर, केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एड. राकेश ठाकुर “अंबु भैया” और यात्रा आयोजक रोहित कौशिक ने बताया कि विगत 11 वर्ष पूर्व बाल कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई थी। जिसका स्वरूप बढ़ते हुए अब यह परिवार कावड़ यात्रा बन गई है। इस बार यात्रा में 700 सदस्य शामिल हैं। यात्रा में संरक्षक विधायक सुश्री उषा ठाकुर, कैबिनेट मंत्री पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, एड. राकेश ठाकुर और रोहित कौशिक शामिल हुए ।
सुभाष मार्ग जिन्सी स्थित मुख्य मार्ग पर बने बाल हनुमान मंदिर से “बोल बम, हर-हर महादेव और जय श्रीराम” के जयकारों के साथ यात्रा शुरू हुई। डोल-ताशे, झांकी और डीजे की धुन पर हनुमान जी की झांकी और वानर सेना के स्वरूप में सजे बालक-बालिकाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें पति-पत्नी और बच्चों सहित 251 परिवार शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन सामूहिक प्रार्थना के साथ समान नागरिक संहिता के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि राम नाम के घोष के साथ निकली यह कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और अनुशासन का संदेश भी है। श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक करेंगे। मार्ग भर भक्तों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
सैकड़ों मंचो से हुआ स्वागत
सुभाष मार्ग से सांवेर तक सैकड़ों मंचो से स्वागत हुआ
इस अवसर पर विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि
_”राष्ट्र पहले, धर्म सर्वोपरि,
परिवार से ही बने संस्कार।
कावड़ के हर कदम से गूंजे,
एकता और स्वाभिमान की हुंकार।”
