इंदौर। शहर में सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संयोगितागंज थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे दो यात्री बसों और एक ट्रक के चालकों को धर दबोचा। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर एसीपी संयोगितागंज नीति राजेश दण्डोतिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के.पी.एस. यादव की टीम द्वारा जीपीओ चौराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर दो यात्री बसों एमपी-13 पी 1495, बस क्रमांक एमपी 69 पी 0395 तथा एक ट्रक क्रमांक केए-01 एमआर 1235 के चालक अत्यधिक नशे में पाए गए। यात्री बसों में सवारियां बैठी हुई थीं, जिनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस दर्ज किया। वहीं, बसों में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पुलिस ने उन्हें दूसरी वैकल्पिक बसों के माध्यम से सुरक्षित उनके गंतव्य तक भिजवाने की व्यवस्था की। इंदौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
