इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में मरीमाता चौराहा के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर नुकीली वस्तु से हमला करने की वारदात सामने आई है। महिला मित्र के पुराने पड़ोसी ने दोनों को देखकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट करते हुए युवक को घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, रामबली नगर निवासी नितेश पिता नानकराम काहर ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र आकांक्षा प्रजापति के साथ मरीमाता के पास स्थित गुमटी पर सिगरेट का पाउच लेने गया था। वहीं पर पड़ोसी आरोपी किशन मिल गया, जिसका आकांक्षा से पूर्व में विवाद हो चुका था। दोनों को देखते ही आरोपी किशन गालियां देने लगा। जब नितेश ने गाली देने से मना किया, तो किशन और उसका एक साथी दोनों से हाथापाई करने लगे। इसी दौरान किशन ने किसी नुकीली चीज से नितेश पर हमला कर दिया। वार पीड़ित की शर्ट को फाड़ते हुए सीने की बाईं तरफ जा लगा, जिससे खून निकलने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। बाणगंगा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी किशन और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
