इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के एक मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद बड़ा कदम उठाया है। सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाने वाले व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने ५ सूदखोरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम पिपलियाहाना निवासी जितेंद्र पिता देवराम पांडेय, (४९) ने बीती ९ अप्रैल को कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच में सामने आया कि मृतक ने अलग-अलग कामों के लिए आरोपी संजू उर्फ संजय निवासी दीपक नगर, सुनील मालवीय निवासी श्रीजी वैली, बिचौली मर्दाना, निकेश इंगले निवासी स्कीम नंबर ५४,सुरेश खाती निवासी पिपलियाहाना गांव और लालू निवासी शांति नगर, मूसाखेड़ी से रुपये उधार लिए थे।जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जितेंद्र से भारी-भरकम ब्याज वसूल रहे थे और उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मृतक जो भी पैसा कमाता था, आरोपी ब्याज के नाम पर उससे छीन लेते थे। कर्ज चुकाने के लिए जितेंद्र ने अपनी मोटरसाइकिल तक गिरवी रख दी थी, लेकिन घटना वाले दिन आरोपी गिरवी से मिले रुपये भी उससे छीन ले गए। इसी बात से क्षुब्ध और परेशान होकर जितेंद्र ने जहर खा लिया था। तिलक नगर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
