इंदौर। देहात इलाके के बेटमा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर बुलाई गई समाज की बैठक के दौरान अचानक विवाद भड़क गया। एक पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर दूसरे पक्ष पर पथराव कर दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। बेटमा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर महिला समेत ६ आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बजरंगपुरा बेटमा निवासी पूजा पति रुश्मासिंह पंवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि सब्जी मंडी बेटमा में उनके और आरोपी पक्ष के बीच चल रहे पुराने विवाद को सुलझाने के लिए समाज की बैठक आयोजित की गई थी। बातचीत के दौरान ही समझौता चल रहा था कि अचानक आरोपी पक्ष उग्र हो गया। आरोपी सोनासिंह, नंदराम, करण, निरंकास पिता जीना पारदी, दीपाबाई पति जॉनी पारदी और रुकमाबाई पारदी ने एकमत होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित पक्ष पर पत्थरों से हमला कर दिया और थप्पड़-मुक्कों से जमकर मारपीट की। इस हमले में मजरूहों को गंभीर चोटें आईं। जाते-जाते आरोपी पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
