इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित जिला जेल में बंदियों के बीच गैंगवार और चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। जेल के अंदर कैंटीन की तरफ गए कुख्यात बदमाश सोनू उर्फ खरगोश पर अन्य बंदियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सोनू के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते कल शाम लॉकअप के समय से ठीक पहले की है। आरोपी सोनू उर्फ खरगोश जेल कैंटीन की तरफ गया था। इसी दौरान आरोपी शुभम और उसके साथी सोनू का पीछा करते हुए वहां पहुंचे और अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने सोनू के चेहरे पर निशाना साधकर वार किए। मौके पर मौजूद जेल प्रहरियों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और स्थिति को संभाला। घटना की जानकारी मिलते ही जेलर जवाहर मंडलोई, उपजेलर और चक्कर अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि हमलावर आरोपी शुभम को तिलक नगर थाना पुलिस द्वारा की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत घटना से महज एक दिन पहले ही जिला जेल भेजा गया था। वहीं, घायल सोनू उर्फ खरगोश एक गंभीर अपराध में जेल में बंद है। कुछ माह पूर्व महालक्ष्मी नगर में खजराना क्षेत्र के बिल्डर मनोज नागर पर हुई गोलीबारी की घटना में सोनू उर्फ खरगोश और उसके साथी हेमंत यादव मुख्य आरोपी हैं। रुपये के लेन-देन के विवाद में बिल्डर पर गोली चलाई गई थी। फिलहाल जेल प्रबंधन और पुलिस अधिकारी मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
