सुबह पाद-पूजन, अभिषेक-आरती एवं शाम को पितृ पर्वत पर पौधरोपण
इंदौर, 11 अगस्त। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ का 15वां पुण्यतिथि प्रसंग हरियाली अमावस्या बुधवार, 12 अगस्त को सुबह 9.30 बजे से आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में आश्रम पर कन्या पूजन, संत एवं ब्राह्मण पूजन तथा पुष्पांजलि के अलावा शाम को पितृ पर्वत पर उनकी पुण्य स्मृति में पौधरोपण भी किया जाएगा।
विद्याधाम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि सुबह 9.30 बजे से आश्रम स्थित ‘भगवन’ के मंदिर में पाद-पूजन, षोडशोपचार पूजन-अभिषेक-आरती, कन्या पूजन, सौभाग्यवती पूजन तथा संत एवं ब्राह्मणों का पूजन भी किया जाएगा। ‘भगवन’ को पुष्पांजलि समर्पण हेतु देश-विदेश में कार्यरत उनके अनेक शिष्य भी इस अवसर पर इंदौर आएंगे। अपराह्न में हरियाली अमावस्या को सार्थक बनाते हुए पितृ पर्वत पर “एक पेड़ माँ जगदम्बा के नाम” पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के आतिथ्य में पौधरोपण का वृहद कार्यक्रम भी होगा। विनोद सिंघल ने बताया कि भगवन की पुण्यतिथि पर महानिर्वाणी पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानन्द भारती के सानिध्य में अविनाशी आश्रम रतलाम तथा महामंडलेश्वर स्वामी विजयानंद महाराज के सानिध्य में शनिधाम मथुरा पर भी बुधवार को ही पौधरोपण का अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम सभी गुरूभक्तों एवं स्नेहीजनों के लिए खुला है।
