श्रीधाम वृन्दावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद
के श्रीमुख प्रतिदिन अपराह्न 3.30 से शाम 7 बजे तक होगी कथामृत की वर्षा – अनेक उत्सव भी मनाए जाएँगे

इंदौर पुरुषोत्तम मास के पावन प्रसंग पर श्रीधाम वृन्दावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज के श्रीमुख से श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का दिव्य आयोजन रविवार 24 मई से शनिवार 30 मई तक गीता भवन सत्संग सभागृह में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ गीता भवन परिसर में रविवार को दोपहर 2 बजे शोभा यात्रा के साथ होगा। इस दौरान अनेक उत्सव भी मनाए जाएँगे।
आयोजन समिति के प्रमुख संयोजक संजय-किरण मंगल एवं बिनोद-सुनीता अग्रवाल ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, विष्णु बिंदल, राजेश चेलावत एवं श्याम अग्रवाल मोमबत्ती की प्रेरणा से पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में मातुश्री श्रीमती कमलादेवी-बाबूलाल मंगल की पुण्य स्मृति में यह दिव्य आयोजन किया जा रहा है। मान्यता है कि पुरुषोत्तम मास में भागवत कथा का श्रवण करने से समस्त पापों का नाश होकर जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का आगमन होता है। कथा महोत्सव में प्रतिदिन अपराह्न 3.30 से शाम 7 बजे तक आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद व्यास पीठ पर विराजित होकर कथामृत की वर्षा करेंगे। भागवत कथा में पहले दिन शोभा यात्रा के पश्चात भागवत महात्यम, दूसरे दिन 25 मई को शुकदेव आगमन प्रसंग, 26 को शिव पार्वती विवाह, 27 को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 28 को गोवर्धन पूजा एवं 56 भोग, 29 को रुक्मणी विवाह एवं शनिवार 30 मई को समापन दिवस पर सुदामा चरित्र के पश्चात फूलों की होली खेली जाएगी।
आयोजन से जुड़े गोविन्द मंगल एवं गोपाल मंगल ने बताया कि इस दौरान अनेक महोत्सव भी कथा प्रसंगानुसार मनाए जाएँगे। कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए शीतल पेयजल, बैठक व्यवस्था, कूलर-पंखे, छाया, वाहन पार्किंग, सुरक्षा सहित अनेक प्रबंध किए जा रहे हैं। कथा में प्रतिदिन अनेक विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे।
