रांची में आयोजित अभिज्ञा 3.0 कांफ्रेंस में पहली बार मिले 6 पुरस्कार और 3 प्रशंसा पत्र, राष्ट्रीय समन्वयक रासु जैन का सम्मान

इंदौर
झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित ‘अभिज्ञा 3.0’ वार्षिक कांफ्रेंस में वन बंधु परिषद की फ्रेंड्स ऑफ ट्रायबल सोसायटी (एफटीएस) युवा इंदौर ने पहली बार अपने समर्पण, सेवा कार्यों और नवाचार से 6 प्रतिष्ठित पुरस्कार एवं 3 प्रशंसा सम्मान प्राप्त कर एफटीएस युवा इंदौर के नाम वर्ष 2025-26 के लिए सर्वश्रेष्ठ युवा समिति का ख़िताब भी प्राप्त कर परिषद के इतिहास में एक नया कीर्तिमान रचा है। देश के 25 शहरों के 160 सदस्यों की मौजूदगी में देश की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी, फिल्म थिएटर आर्टिस्ट अतुल सत्य कौशिक, रेणुका गोस्वामी एवं शैफाली वैद्य जैसी जानी-मानी हस्तियों ने भी इंदौर टीम की इन उपलब्धियों पर उनकी सराहना की।
कांफ्रेंस की राष्ट्रीय समन्वयक रासु जैन ने बताया कि एफटीएस युवा इंदौर की अध्यक्ष नीलम बाल्दी को इस मौके पर उनके नेतृत्व, अथक समर्पण और उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किया गया, जिसे उन्होंने तत्काल अपनी पूरी टीम को समर्पित कर दिया और कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि युवा इंदौर एफटीएस की पूरी टीम का है। सचिव दीपिका माहेश्वरी ने भी कहा कि हम सब मिलकर समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में इसी तरह भागीदार बनकर आगे बढ़ते रहेंगे।
प्रारम्भ में राष्ट्रीय समन्वयक रासु जैन ने अभिज्ञा 3.0 के मंच और इस वार्षिक कांफ्रेंस को एकदूजे को पहचानने, समझने और जोड़ने का बेहतरीन माध्यम बताया। कांफ्रेंस में रासु जैन और उनकी टीम तथा पूरी गवर्निंग बॉडी को सफलता का श्रेय देते हुए इंदौर टीम की ओर से उनका सम्मान भी किया गया। कांफ्रेंस में युवा इंदौर एफटीएस टीम को सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया, सर्वश्रेष्ठ एफटीएस युवा समिति, राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सर्वाधिक भागीदारी, स्किलिंग प्रोजेक्ट में अभिनव पहल, शबरी बस्ती में कंप्यूटर क्लास में उत्कृष्टता के लिए और एफटीएस युवा इंदौर की अध्यक्ष को श्रेष्ठ नेतृत्व, सम्पूर्ण समर्पण और अभिनव कार्यशैली के लिए कुल 6 अवार्ड प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर इंदौर से पहुंची टीम में अध्यक्ष नीलम बाल्दी, सचिव दीपिका माहेश्वरी के साथ राष्ट्रीय समन्वयक रासु जैन, सरिता मूंदड़ा, दीप्ति गुप्ता, नेहा अग्रवाल, दीप्रिया अग्रवाल की विशेष भागीदारी रही। रांची से इंदौर लौटने पर सोमवार से इस पूरी टीम को बधाइयाँ मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
