जबलपुर में आयोजित 13वीं जीएफजी शूटिंग चैंपियनशिप में वीर रायफल शूटिंग सोसायटी का धमाका

इंदौर संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित 7 दिवसीय 13वीं जीएफजी शूटिंग चैंपियनशिप में इंदौर की वीर रायफ़ल शूटिंग सोसायटी के शूटर्स ने शामिल होकर अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए 30 पदक हासिल कर इंदौर एवं सोसायटी के नाम को रोशन किया।
सोसायटी के कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में जबलपुर में आयोजित इस स्पर्धा में देशभर के सैकड़ों निशानेबाजों ने अपने निशाने लगाए लेकिन इनमें से वीर रायफल शूटिंग सोसायटी के कृष्णम यादव ने 10 मीटर एयर पिस्टल में 2 स्वर्ण एवं 5 रजत सहित 7 पदक हासिल किए। वहीं कृष्णा ठाकुर ने भी 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में 4, गीतांशी अव्हाड़ ने 10 मीटर एयर रायफल में 3 पदक प्राप्त किए। कर्णिका मिथास ने भी 2 पदक अपने नाम किए। 10 मीटर एयर पिस्टल मास्टर वुमन में विद्या शर्मा ने रजत पदक और आशीष जैकब ने भी 10 मीटर एयर पिस्टल मास्टर मैन में रजत पदक प्राप्त किया।
इसी तरह वीर हंस शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ पुरुष वर्ग में सिल्वर तथा प्रियांशी जोशी ने 10 मीटर आईएसएसएफ एयर पिस्टल महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया। देश के अनेक संस्थानों के निशानेबाजों से मुकाबला करते हुए वीर रायफल शूटिंग सोसायटी के इन निशानेबाजों ने कुल मिलाकर 30 पदक बटोरकर इंदौर एवं सोसायटी के नाम को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं। उनकी इस सफलता पर एमपी स्टेट रायफल एसोसिएशन के सचिव राकेश गुप्ता ने सभी शूटर्स को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प व्यक्त किया है।
