इंदौर
एरोड्रम क्षेत्र में शनिवार रात एक युवती स्कूटर सहित सडक़ किनारे खुदे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद वह काफी देर तक वहीं बेसुध पड़ी रही। राहगिरों की नजर पडऩे पर उसे बाहर निकाला गया। थोड़ी देर बाद स्कूटर को भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। मिली जानकारी के अनुसार घटना स्कीम नंबर 51 स्थित कचरा स्टेशन के पास की है। बताया जा रहा है कि युवती स्कूटर स े गुजर रही थी, तभी संतुलन बिगडऩे से वह सीधे गड्ढे में गिर गई। यह गड्ढा सडक़ निर्माण के दौरान ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खोदा गया था, जिसे ठीक से बंद नहीं किया गया। घायल युवती को निजी अस्पताल ले जाया गया,जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेड्स लगाए गए। घटनास्थल पर अंधेरा भी था जिसके बाद वहां हेलोजन भी लगाया गया। क्षेत्रीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में भारी अंधेरा रहता है और सडक़ निर्माण के कारण मार्ग काफी संकरा हो गया है, इसी वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।
