इंदौर। चंदन नगर क्षेत्र के राजनगर में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। फरियादी रामचन्द्र प्रजापत (57) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक नया मोबाइल खरीदा था और उसमें नई सिम कार्ड डाली थी। जैसे ही उन्होंने अपना फोन-पे अकाउंट चेक किया, उनके होश उड़ गए। उनके बैंक खाते से किस्तों में कुल 1 लाख 60 हजार 162 रुपये निकल चुके थे। अज्ञात आरोपी ने मोबाइल और सिम एक्टिवेट होते ही अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए यह राशि पार कर दी। चंदन नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
