इंदौर
गांधी नगर थाना क्षेत्र में महज 300 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक दुकानदार की जान ले ली। आरोपी ने दुकानदार के सिर पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसने मंगलवार को उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक राजेश पटेल निवासी नेनोद एक दुकानदार था। मामले की शुरुआत 300 रुपये के लेनदेन को लेकर हुई थी। आरोपी कुलदीप पिता इंदरसिंह राठौर, निवासी नाहरखेड़ा, हातोद का राजेश के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने राजेश से उसकी कार की चाबी मांगी, जिसे लेकर विवाद और बढ़ गया। बात इतनी बिगड़ी कि कुलदीप ने आक्रोश में आकर राजेश के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राजेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया था। बीते सोमवार को उसे गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप को हिरासत में ले लिया था। शुरुआत में उस पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मंगलवार को राजेश की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पर हत्या की धारा जोड़ दी है। गांधीनगर टीआई अनिल यादव के अनुसार, आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
