इंदौर बेटमा थाना क्षेत्र में 3 दिन के भीतर हत्या की दूसरी वारदात से सनसनी फैल गई।एक दिन पहले लापता हुए ग्राम घाटाबिल्लौद के युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव बीती रात इंदौरअहमदाबाद रोड पर चंबल नदी के समीप झाडिय़ों में मिला। हैरानी की बात यह है कि पुलिस अभी एक कंपनी कर्मचारी की लूट और हत्या की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि हत्यारों ने एक और वारदात कर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों को चुनौती दे दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान समीर पिता सोहराब पटेल, निवासी ग्राम घाटाबिल्लौद के रूप में हुई है। समीर 7 मई की शाम करीब 7 बजे घर से बिना बताए निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। भाई आदिल पटेल ने 8 मई को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चंबल नदी के पुल के आगे गुड्डू हिंदुस्तान की जमीन पर एक युवक की लाश पड़ी है। परिजनों ने मौके पर पहुँचकर समीर की शिनाख्त की। वारदात स्थल का मंजर बेहद खौफनाक था। समीर का चेहरा और सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसके दांत तक टूट गए थे। शव के पास ही खून से सने बड़े पत्थर और उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि किसी परिचित या रंजिश रखने वाले व्यक्ति ने सुनसान इलाके में ले जाकर इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस अब समीर के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि आखिरी समय में उसके संपर्क में रहे लोगों का पता लगाया जा सके। बेटमा क्षेत्र में महज दो दिन पहले सिंधीपुरा कच्चा रोड पर ड्यूटी से लौट रहे कंपनी कर्मचारी राहुल पंवार की मोबाइल लुटेरों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। इस मामले में एसपी (ग्रामीण) के निरीक्षण और कड़े निर्देशों के बावजूद देहात पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एक के बाद एक हुई इन वारदातों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
