इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में दखलअंदाजी का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को रास्ते में रोककर उसके घरेलू मामलों पर टिप्पणी की और जब युवक ने उसे अपने व्यक्तिगत मामलों से दूर रहने को कहा, तो आरोपी ने तैश में आकर कमर से चाकू निकाला और उस पर वार कर दिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वारदात कल रात करीब 8 बजे अंबार नगर में मुल्लाजी की मस्जिद के पास हुई। अंबार नगर निवासी फरियादी अरुण पिता राजेश वीरपरा जब वहां से गुजर रहा था, तभी उसे आरोपी मोहम्मद शाहरुख निवासी ग्राम बांक मिला। शाहरुख ने अरुण को रोक लिया और दादागिरी दिखाते हुए कहने लगा कि तू अपने घर में इतना विवाद क्यों करता है। फरियादी अरुण ने जब आरोपी की इस दखलअंदाजी का विरोध किया और सीधे शब्दों में कहा कि यह उसके घर का आपसी मामला है, इसलिए वह उसके घरेलू विवाद में दखल न दे। इतनी सी बात सुनते ही आरोपी मोहम्मद शाहरुख आगबबूला हो गया और उसने आव देखा न ताव, अरुण को गालियां देना शुरू कर दिया। जब अरुण ने गाली देने से मना किया तो शाहरुख ने अपनी कमर से चाकू निकाला और अरुण की कमर पर वार कर दिया।
