इंदौर शहर में अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने देर रात से सुबह तक सभी थाना क्षेत्रों में सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर के चारों जोन के डीसीपी, वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ गुंडे-बदमाशों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ा प्रहार किया। इस दौरान पुलिस ने सैकड़ों संदिग्धों और बदमाशों की चेकिंग करते हुए ३७० से अधिक अपराधियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की, जिससे शहर के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसते हुए १६३ से अधिक वारंट तामील कराए। इनमें ५१ स्थाई, ३८ गिरफ्तारी और ७४ जमानती वारंट शामिल हैं। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले और आमजन की जान जोखिम में डालने वाले १३८ लापरवाह चालकों के खिलाफ धारा १८५ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले ११ लोगों और अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वाले एक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। एरोड्रम थाना पुलिस ने भी एक शातिर आरोपी को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, नकबजनों और चाकूबाजों को थानों में तलब कर उनसे डोजियर भरवाए। बदमाशों को रेड और येलो नोटिस जारी कर भविष्य में कोई भी अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई और बाकायदा अपराध छोड़ने की शपथ भी दिलवाई गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हॉटस्पॉट, शैडो एरिया और संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी। शहर के होटल, लॉज, ढाबों, रैन बसेरों और रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर भी संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने गश्त के दौरान नागरिकों से जनसंवाद कर उन्हें साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
