पालदा स्थित हि.मा. विद्यालय के 140 बच्चों को भेंट किए स्कूली बैग एवं भोजन के लिए बरतन

इंदौर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के वरिष्ठ न्यासी युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज ने पालदा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 140 विद्यार्थियों को अपने अखंड परम धाम आश्रम पर आमंत्रित कर उन्हें स्कूल बैग एवं अन्य शिक्षण सामग्री तथा मध्याहन भोजन के लिए थालियाँ भेंट की। युगपुरुष स्वामी परमानंद महाराज ने आश्रम में संतों के साथ ध्वजारोहण भी किया।
इस मौके पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज पुडूचेरी से डर्मेटोलोजी में एमडी में गोल्ड मैडल प्राप्त करने वाली डॉ. पुनीता शादीजा ने अपना गोल्ड मैडल उनके चरणों में समर्पित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ गौतम पुरोहित के भक्ति गीतों और उसके पूर्व राष्ट्रगीत के साथ हुआ। परमानंद हॉस्पिटल के अध्यक्ष पवन गुलाब ठाकुर एवं सचिव तुलसी धनराज शादीजा, श्रीमती सोनम शादीजा, जान्हवी पवन ठाकुर, स्कूल के प्रधानाध्यापक देवेन्द्र चौहान, श्रीमती स्वप्निल श्रीवास्तव, श्रीमती रुक्मणी नवीन, डॉ. अनीता शर्मा एवं श्याम चौहान आदि ने भी युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज का स्वागत किया। संचालन अरुण निगम ने किया और आभार माना डॉ. अनिता शर्मा ने। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि, साध्वी दिव्य चेतना, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी चेतनानन्द, स्वामी भूमानंद, स्वामी आदित्य चेतना गिरि सहित अनेक संत विद्वान एवं अखंड परमधाम के न्यासीगण उपस्थित थे।
अपने आशीर्वचन में युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरी ने कहा कि शिक्षादान सबसे बड़ा दान होता है। एक शिक्षित व्यक्ति पूरे समाज को शिक्षित बना सकता है और समाज शिक्षित होगा तो राष्ट्र को भी उसका लाभ मिलेगा। समाजसेवा का यह कार्य बहुत प्रशंसनीय है और ऐसे सेवा कार्य निरंतर चलते रहना चाहिए, ताकि अन्य लोग भी इससे प्रेरणा ले सकें।
