इंदौर। देहात इलाके गौतमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किसान की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव में ही एक खेत के सामने खून से लथपथ हालत में मिला। वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक विष्णु पिता रामसिंह तंवर (४५) निवासी ग्राम भील बड़ौली है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने मोहन पटेल के खेत के सामने सड़क किनारे विष्णु का शव पड़ा देखा, जिसका सिर किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और गौतमपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिसबल और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के के बीच किसी अज्ञात आरोपी ने रंजिश या अन्य कारणों के चलते किसान की सिर कुचलकर हत्या की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का सुराग लगाया जा सके।
