इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में बेटों द्वारा अपने ही जन्मदाता माता-पिता के साथ गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का शर्मनाक मामला सामने आया है। मां द्वारा दिलाई गई गाड़ी बेचने और उसके पैसों का हिसाब मांगने पर दोनों बेटों ने उग्र होकर यह हरकत की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जनता क्वार्टर नंदानगर निवासी अर्चना गोमे (५०) ने परदेशीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपने छोटे बेटे मोहित गोमे को एक गाड़ी दिलवाई थी। जब उन्होंने मोहित से पूछा कि तूने गाड़ी क्यों बेची और बेचने के बाद मिले पैसे कहां हैं तो इसी बात पर मोहित भड़क गया। मोहित अपनी मां अर्चना और पिता को गालियां देने लगा और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बड़ा बेटा निखिल गोमे भी वहां आ पहुंचा और वह भी माता-पिता के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब पीड़ित दंपत्ति ने गाली देने और मारपीट से मना किया, तो दोनों बेटे वहां से भागने लगे और जाते-जाते माता-पिता को जान से मारने की धमकी दे गए।
