सुबह अलग-अलग स्थानों से विहार कर पहुंचेंगे साकेत, जहाँ भाव यात्रा एवं प्रवचन के बाद निकलेगा भव्य जुलूस

इंदौर, । शहर में चातुर्मास के लिए विराजित 3 प्रमुख आचार्य एवं उनके साथ आए साधु-साध्वी-भगवंत बुधवार 5 नवंबर को सुबह 6 बजे वीआईपी रोड स्थित दलाल बाग से विहार कर चातुर्मास परिवर्तन यात्रा पर साकेत नगर पहुंचेंगे, जहाँ पिपली बाजार, तिलक नगर, कंचन नगर, दलाल बाग में विराजित जैनाचार्य प.पू. विश्व रत्न सागर म.सा., जैनाचार्य नयचंद्र सागर म.सा., जैनाचार्य मृदुरत्न सागर म.सा. सहित 60 से अधिक साधु-साध्वी-भगवंतों का वरघोडा प्रारंभ होकर साकेत नगर स्थित समाजसेवी दिलीप-ललित सी. जैन के निवास पर पहुंचेगा। यह शहर के इतिहास में पहला मौका है जब वर्षावास परिवर्तन के लिए शहर में विराजित तीनों प्रमुख जैनाचार्य और उनके साथ आए 60 से अधिक साधु-साध्वी-भगवंत एकसाथ एक ही स्थान पर विराजित होकर विभिन्न शहरों की ओर विहार करेंगे।
आयोजन से जुड़े प्रितेश ओस्तवाल ने बताया कि गत जुलाई माह में चातुर्मास के लिए शहर में पधारे इन सभी साधु-साध्वी-भगवंतों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर विराजित होकर समाज को धर्म, अध्यात्म एवं संस्कारों से परिपूर्ण बनाने का महत्वपूर्ण योगदान किया है। बुधवार को तीनों प्रमुख जैनाचार्य एवं उनके साथ आए ६० से अधिक साधु-साध्वी-भगवंत अब अलग-अलग स्थानों के लिए विहार करेंगे। उसके पूर्व सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक साकेत नगर में नवकारसी, 8.30 बजे भाव यात्रा एवं प्रवचन के पश्चात सुबह 10 बजे से साकेत क्लब से भव्य वरघोडा प्रारंभ होकर लाभार्थी दिलीप-ललित सी. जैन के निवास पर पहुंचेगा, जहाँ लाभार्थी परिवार उनके पावन सानिध्य का पुण्य लाभ प्राप्त करेगा। आयोजन से जुड़े सुरेन्द्र छाजेड़, आयुष हर्षवर्धन एवं जैन परिवार के सदस्यों ने इस वर्षावास परिवर्तन के स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाने का आग्रह समस्त जैन श्रीसंघों एवं समाजबंधुओं से किया है।
