इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र में गाडिय़ों के रूट विवाद और व्यापारिक रंजिश को लेकर एक ऑफिस में घुसकर तोडफ़ोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। मांगलिया के रहने वाले कुछ बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेवती रेंज स्थित एक ऑफिस पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने वहां खड़ी गाडिय़ों और दफ्तर में जमकर तोडफ़ोड़ की और बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों को पीट दिया। पुलिस के अनुसार, परदेशीपुरा निवासी शुभम पिता सुंदरलाल राजपूत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शुभम ने पुलिस को बताया कि वह रेवती रेंज में रेनेसां यूनिवर्सिटी के पास स्थित एक ऑफिस में थे। इसी दौरान मांगलिया निवासी आरोपी अंकित कुमावत, रितिक राठौर और मनीष सोलंकी अपने कुछ अन्य साथियों को लेकर अचानक ऑफिस के अंदर घुस आए। अंदर आते ही अंकित ने दादागीरी दिखाते हुए शुभम से कहा कि कल से तुम्हारी गाडिय़ां इस रूट पर नहीं चलेंगी।’जब शुभम ने इसका विरोध करते हुए पूछा कि हमारी गाडिय़ां क्यों नहीं चलेंगी तो अंकित और उसके साथी भडक़ गए और गालियां देने लगे। विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने ऑफिस परिसर में तांडव शुरू कर दिया। उन्होंने वहां खड़ी गाडिय़ों क्रमांक एमपी-09 एपी-3521 और एमएच-04 एएफ-7203 पर पथराव और डंडों से हमला कर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने ऑफिस के अंदर घुसकर वहां रखे सामान और फर्नीचर में भी तोडफ़ोड़ की। जब फरियादी शुभम और उनके साथी अमित उर्फ कान्हा ने अंकित और उसके गुर्गों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन दोनों को घेर लिया और लात-थप्पड़ों से जमकर मारपीट की।हमले और तोडफ़ोड़ के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बाणगंगा थाना पुलिस ने पीडि़त शुभम राजपूत की रिपोर्ट पर आरोपी अंकित कुमावत, रितिक राठौर, मनीष सोलंकी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
