पूर्व बीईओ मनोज खोपकर हुए शामिल 15 जुलाई से 29 जुलाई तक चलेगा पखवाड़ा; छात्रों ने गुरु वंदना और गुरु महिमा प्रस्तुत की
—

इंदौर। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशन में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ आज सांदीपनि महाराजा शिवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल में हुआ। यह पखवाड़ा 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व व्याख्याता और सेवानिवृत्त बीईओ इंदौर विकासखंड श्री मनोज खोपकर तथा SMC की सदस्य श्रीमती माला विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद प्राचार्य श्रीमती हर्षा पंडित ने अतिथियों का स्वागत फूल-माला पहनाकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत गुरु वंदना और गुरु महिमा से हुई।
गुरु ही बनाते हैं सुयोग्य नागरिक
अपने उद्बोधन में श्री मनोज खोपकर ने कहा कि आपका विद्यालय ऐतिहासिक है और आप सभी उसके सदस्य हैं। आप बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे की प्रथम गुरु मां होती है जो गुरु से परिचय कराती है। इसके बाद गुरु किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं और सद्मार्ग पर चलने की सीख देते हैं, जिससे आप सुयोग्य नागरिक बन सकें।
प्राचार्य श्रीमती हर्षा पंडित ने भी छात्रों को गुरु महिमा के बारे में बताया और कहा कि अनुशासन में रहकर ही उत्तम नागरिक बना जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रेरणा केलवा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्राचार्य श्री सुधांशु वर्मा, समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
